देवास। देवास बायपास टोल टैक्स के पास बीती रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने प्लंबिंग का काम कर लौट रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि युवक का एक पैर शरीर से अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान अमन शाह निवासी कजलास के रूप में हुई है। वह फिलहाल देवास के मल्हार क्षेत्र में रहकर प्लंबिंग का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि अमन इंदौर से काम करके लौट रहे थे, तभी देवास बायपास टोल टैक्स के पास तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में अमन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर किया है। वाहन चालकों से अपील है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, क्योंकि सड़क पर बरती गई थोड़ी सी लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।