शाजापुर। मध्यप्रदेश राज्य अभियोजन निदेशालय, भोपाल के निर्देशानुसार जिला अभियोजन निदेशालय शाजापुर द्वारा एनडीपीएस अधिनियम एवं किशोर न्याय अधिनियम विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन पुलिस कंट्रोल रूम शाजापुर में किया गया।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस) जितेन्द्र कुमार पाराशर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र तारणेकर उपस्थित रहे।
कार्यशाला में शाजापुर एवं आगर-मालवा जिले के अभियोजन अधिकारी, कर्मचारी, शासकीय अधिवक्ता तथा पुलिस के विवेचना अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान एनडीपीएस अधिनियम एवं किशोर न्याय अधिनियम के महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों, विवेचना की प्रक्रिया, प्रभावी अभियोजन तथा न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य अभियोजन एवं पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ विधिक प्रक्रियाओं की जानकारी बढ़ाना और न्यायालयों में प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करना रहा।