चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने शुक्रवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिला प्रशासन एवं बाल अधिकारिता विभाग की ओर से तैयार जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया। पोस्टर के माध्यम से बाल विवाह, कम उम्र में विवाह और जबरन विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने बाल विवाह मुक्त राजस्थान के संकल्प को साकार करने के लिए आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे।
100 दिवसीय अभियान के तहत किया जाएगा जागरूक-
जिले में 27 नवंबर 2026 को बाल विवाह, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर 100 दिवसीय जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत बाल विवाह की रोकथाम और इसके दुष्परिणामों को लेकर आमजन को जागरूक किया जाएगा।
बाल विवाह की सूचना हेल्पलाइन 1098 पर दें-
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। साथ ही सभी नागरिकों से बाल अधिकारों की रक्षा में सहभागी बनते हुए चित्तौड़गढ़ को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
इस दौरान जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त निदेशक ओमप्रकाश तोषनीवाल, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव, खेल अधिकारी रामरतन गुर्जर और चाइल्ड हेल्पलाइन समन्वयक नवीन किशोर काकड़दा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।