नीमच। जिले के पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने जिले में पदस्थ 16 पुलिस अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस फेरबदल के तहत डिकेन, जाट, कंजार्डा और सरवानिया महाराज पुलिस चौकियों के प्रभारी भी बदल दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास द्वारा 26 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, प्रशासनिक दृष्टि से यह नवीन पदस्थापनाएं आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेंगी। आदेश में 8 उपनिरीक्षकों और 8 सहायक उपनिरीक्षकों के नाम शामिल हैं।
उपनिरीक्षकों की नई पदस्थापना-
जारी आदेश के अनुसार उपनिरीक्षक नांद्र सिंह राठौर को जाट चौकी से डिकेन चौकी प्रभारी, थाना रतनगढ़ पदस्थ किया गया है। भगवत सिंह को थाना नीमच कैंट से जाट चौकी प्रभारी, थाना रतनगढ़ भेजा गया है। लक्ष्मण सिंह चौहान को थाना जावद से कंजार्डा चौकी प्रभारी, थाना मनासा तथा शिवराज सिंह खिंची को थाना नीमच सिटी से सरवानिया महाराज चौकी प्रभारी, थाना जावद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह दिवान सिंह को थाना नीमच कैंट से थाना जावद, रूफिना टोप्पो को थाना जावद से थाना नीमच कैंट, तेजसिंह सिसौदिया को थाना मनासा से थाना सिंगोली तथा रामकिशन सियावत को थाना बघाना से थाना नीमच सिटी पदस्थ किया गया है।
सहायक उपनिरीक्षकों के भी तबादले-
आदेश के तहत सहायक उपनिरीक्षक दिनेश खिंचावत को डिकेन चौकी, थाना रतनगढ़ से थाना सिंगोली भेजा गया है। रामनारायण दहिया को उप पुलिस अधीक्षक अजाक कार्यालय नीमच से थाना रामपुरा, रामबिलास को थाना रामपुरा से थाना नीमच सिटी तथा गोपाल तनान को सरवानिया महाराज चौकी, थाना जावद से थाना मनासा पदस्थ किया गया है।
वहीं कप्तान सिंह को थाना जीरन से नयागांव चौकी, थाना जावद, श्यामलाल नागलोथ को थाना मनासा से थाना बघाना, सत्यनारायण बारिया को थाना नीमच सिटी से पुलिस लाइन नीमच तथा समरथ वर्मा को थाना नीमच सिटी से थाना यातायात नीमच भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के इस आदेश के बाद जिले के विभिन्न थानों और पुलिस चौकियों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। सभी नवीन पदस्थापनाएं आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी।