शाजापुर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण, संरक्षण, सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित और सम्मानित करने के लिए विभिन्न राज्य एवं जिला स्तरीय पुरस्कारों हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पुरस्कारों के माध्यम से समाज सेवा, महिला एवं बाल संरक्षण, वीरता, साहसिक कार्यों तथा महिला-बाल कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए व्यक्तिगत एवं संस्थागत दोनों श्रेणियों में आवेदन किए जा सकते हैं।
30 नवंबर 2026 तक इन पुरस्कारों के लिए करें आवेदन
विभाग द्वारा रानी अवंतीबाई राज्य स्तरीय वीरता पुरस्कार, राजमाता विजयाराजे सिंधिया समाज सेवा पुरस्कार, श्री विष्णु कुमार महिला-बाल कल्याण समाज सेवा सम्मान एवं रानी दुर्गावती पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पुरस्कारों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
5 जनवरी 2027 तक कर सकेंगे आवेदन
इसी प्रकार मुख्यमंत्री नारी सम्मान रक्षा पुरस्कार, राष्ट्रमाता पद्मावती पुरस्कार एवं अरुणा शानबाग वीरता पुरस्कार के लिए भी इच्छुक व्यक्तियों एवं संस्थाओं से आवेदन मांगे गए हैं। इन पुरस्कारों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 5 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।
विभागीय कार्यालय एवं वेबसाइट से प्राप्त करें जानकारी
इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। पुरस्कारों की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य विस्तृत जानकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय से कार्यालयीन समय में प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा विभागीय वेबसाइट www.mpwcdmis.gov.in पर भी जानकारी उपलब्ध है।
विभाग ने पात्र व्यक्तियों एवं संस्थाओं से अपील की है कि वे अपने उत्कृष्ट कार्यों और समाज सेवा में दिए गए योगदान के लिए निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत कर इस अवसर का लाभ उठाएं।