नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलोन में खेत पर सिंचाई करने गए 50 वर्षीय किसान की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। गुरुवार दोपहर किसान खेत पर बेसुध अवस्था में मिले थे। परिजन उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान रात करीब 9 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, मदनलाल पिता बगदीराम (50) गुरुवार दोपहर खेत पर सिंचाई करने गए थे। कुछ समय बाद उनका बेटा खेत पर पहुंचा तो मदनलाल बेसुध अवस्था में पड़े मिले। परिजनों को आशंका है कि उन्होंने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन किया था।
उपचार के दौरान तोड़ा दम-
परिजन मदनलाल को तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। तमाम प्रयासों के बावजूद रात करीब 9 बजे उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर नीमच सिटी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। किसान ने किन परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन किया, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है।