मंदसौर। शहर के नया खेड़ा इलाके में मंगलवार रात कंबल लेकर अपने कमरे पर लौट रहे एक मजदूर को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मजदूर सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिस पर करीब 10 टांके लगाए गए हैं। वहीं, उसके हाथ में भी चोट लगी है। घायल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
घायल की पहचान अवधेश कुमार पिता भूदेव कोड़ा के रूप में हुई है। वह बिहार के मुंगेर जिले का निवासी है और पिछले एक महीने से मंदसौर में मजदूरी कर रहा है। नया खेड़ा क्षेत्र में बिजली विभाग का काम चल रहा है, जहां वह अन्य मजदूरों के साथ काम करता है।
कंबल लेकर लौटते समय हुआ हादसा-
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात ठंड बढ़ने पर अवधेश कंबल लेने गया था। कंबल लेकर कमरे पर लौटते समय पीछे से आए एक मोटरसाइकिल सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सड़क से गुजर रहे लोगों ने घायल मजदूर को निजी वाहन की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।
फोन पर सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे साथी-
अवधेश के साथी गौतम ने बताया कि वे सभी पिछले एक महीने से नया खेड़ा क्षेत्र में काम कर रहे हैं। हादसे के समय वे अपने कमरे पर थे। अवधेश के घायल होने की सूचना फोन पर मिलने के बाद वे जिला अस्पताल पहुंचे। फिलहाल घायल मजदूर का उपचार जारी है।