मंदसौर। तीन महीने तक एक परिवार अपने लापता बेटे की तलाश में दर-दर भटकता रहा..., हर दिन इस उम्मीद में गुजरा कि शायद कन्हैयालाल लौट आएगा, लेकिन जब उसकी तलाश का अंत हुआ तो सामने आया ऐसा मंजर जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। कुएं से मिला शव बिना सिर का कंकाल निकला। अब परिजनों के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर कन्हैयालाल के साथ हुआ क्या था? हत्या की आशंका जताते हुए परिजन गांधी चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं और चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ करने के साथ ही मृतक का सिर तलाशने की मांग कर रहे हैं।
तीन महीने पहले दर्ज कराई थी गुमशुदगी की शिकायत-
मालवी गुजराती प्रजापति विकास समिति, जिला मंदसौर की ओर से पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए आवेदन के अनुसार, जमुनिया मीणा निवासी बद्रीलाल पिता कचरूलाल प्रजापति ने 31 अगस्त 2026 को थाना नाहरगढ़ में अपने भांजे कन्हैयालाल प्रजापति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। कन्हैयालाल प्रिंस बस पर ड्राइवर के रूप में काम करता था। शिकायत में उसे बंधक बनाकर रखे जाने की आशंका भी जताई गई थी।
पुलिस ने तीन माह में नहीं की कोई ठोस कार्रवाई-
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि शिकायत के बाद परिजन कई बार थाना नाहरगढ़ पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की जानकारी मांगी। इसके अलावा 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन परिजनों के अनुसार करीब तीन महीने तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कुएं से बरामद हुआ शव, सिर गायब होने से बढ़ा मामला-
आवेदन के मुताबिक 21 नवंबर 2026 को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने रपणी गांव में सज्जन सिंह के कुएं से एक युवक का शव बरामद किया था। शव की हालत बेहद खराब थी। परिजनों ने उसकी पहचान कन्हैयालाल प्रजापति के रूप में की। परिजनों का कहना है कि शव बिना सिर का कंकाल है। उन्होंने मृतक का सिर भी तलाशने की मांग उठाई है, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।
चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग-
मौके पर प्रदर्शन कर रहे परिजनों की मांग है कि पुलिस को दिए गए आवेदन में जिन चार लोगों के नाम का उल्लेख किया गया है, उनके खिलाफ मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ की जाए। इसके साथ ही मृतक का सिर तलाशने के लिए भी कार्रवाई की जाए। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कार्रवाई नहीं होने पर दी आंदोलन की चेतावनी-
मालवी गुजराती प्रजापति विकास समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने भी पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। आवेदन में चेतावनी दी गई है कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर प्रजापति समाज आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
गांधी चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन, पुलिस की समझाइश से खुला जाम-
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी सहित पुलिस बल गांधी चौराहे पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझाइश दी। पुलिस की समझाइश के बाद चक्काजाम तो खोल दिया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक परिजन बिना सिर के शव को गांधी चौराहे पर रखकर प्रदर्शन कर रहे थे।
पुलिस का पक्ष- आत्महत्या की आशंका, जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों द्वारा आवेदन में जिन चार लोगों के नाम का उल्लेख किया गया है, उनके संबंध में भी जांच की जाएगी। पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।