मंदसौर। पुलिस मुख्यालय द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की सफेद मारुति सुजुकी अर्टिगा कार से 179 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) राम सनेही मिश्रा एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शामगढ़ निरीक्षक कमलेश प्रजापति के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर की सफेद मारुति सुजुकी अर्टिगा कार में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा ग्राम असावती से हरिपुरा-देवरी होते हुए मेलखेड़ा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने हरिपुरा फंटे पर घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में रखे नौ काले प्लास्टिक के कट्टों से कुल 179 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
कार चालक ने पूछताछ में अपना नाम अंकित राठौर पिता जगदीश राठौर, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम आवर, थाना कोतवाली, जिला आगर मालवा (मध्यप्रदेश) बताया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से डोडाचूरा और कार जब्त कर ली। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।
जब्त सामग्रीरू पुलिस ने 179 किलोग्राम डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 58 हजार रुपये बताई गई है, तथा बिना नंबर की सफेद मारुति सुजुकी अर्टिगा कार, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है, जब्त की है।
पुलिस ने इस कार्रवाई में थाना शामगढ़ की टीम के योगदान को सराहनीय बताया है।