इंदौर। शहर में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में 24 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान छावनी और पलासिया क्षेत्र में गश्त कर रही आबकारी टीम ने अवैध शराब का परिवहन और बिक्री करते हुए पांच दोपहिया वाहन जब्त किए।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने आबकारी टीम को देखकर अपने वाहन और शराब मौके पर ही छोड़ दिए और फरार हो गए। टीम ने अलग-अलग स्थानों से पांच वाहन अपने कब्जे में लिए। इनमें सुजुकी एक्सेस, हीरो डीलक्स, स्प्लेंडर प्लस और होंडा एक्टिवा सहित दोपहिया वाहन शामिल हैं।
आबकारी विभाग ने पांच अलग-अलग प्रकरणों में कुल 550 पाव देसी मसाला और देसी सादा शराब जब्त की। जब्त शराब की कुल मात्रा 99 बल्क लीटर बताई गई है। वहीं, जब्त शराब और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 21 हजार 750 रुपये आंकी गई है।
मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए गए हैं। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में विवेचना जारी है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रियंका रानी चौरसिया, मुख्य आरक्षक रतन सिंह यादव और आरक्षक कुलदीप चौहान, विकास मंडलोई एवं विवेक कनाड़िया सहित वाहन चालक का योगदान रहा। कार्रवाई वरिष्ठ आबकारी अधिकारियों के मार्गदर्शन में छावनी-पलासिया वृत्त की टीम ने की।