नीमच। भारतीय संविधान को अंगीकृत किए जाने की स्मृति में 26 नवंबर को जिलेभर में संविधान दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रातः 11 बजे भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक वाचन होगा।
संविधान दिवस के कार्यक्रम राज्य, जिला, अनुविभाग, तहसील, नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। इनमें नागरिकों, विशेषकर युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थाओं, पंचायती राज संस्थाओं, नगरीय निकायों और युवा संगठनों की भागीदारी से संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।
कलेक्टर कार्यालय द्वारा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जिला शिक्षा अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित समय पर कार्यक्रम आयोजित करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।