खरगोन। शहर के बीटीआई रोड स्थित जिला शिक्षा विभाग परिसर में बुधवार को मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक-आयुष्मान आरोग्य मंदिर का शुभारंभ किया गया। विधि-विधान से भूमि पूजन के बाद अतिथियों ने फीता काटकर क्लीनिक की शुरुआत की। इस दौरान पार्षद अरुणा उपाध्याय, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीएस चौहान, डॉ. सावले सहित क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहे। शुभारंभ के अवसर पर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीएस चौहान ने बताया कि जिले में छह संजीवनी क्लीनिक शुरू की गई हैं। इनका मुख्य उद्देश्य लोगों को घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ और कार्यभार कम करना है। बीटीआई रोड स्थित क्लीनिक में डॉक्टर, दवाइयों और आवश्यक स्टाफ की व्यवस्था की गई है।
पार्षद अरुणा उपाध्याय ने कहा कि वार्ड में ही उपचार की सुविधा मिलने से स्थानीय लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं स्थानीय निवासी राजेंद्र चौहान ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि भवन बनने के करीब तीन से चार साल बाद अब क्लीनिक शुरू हुई है। इससे क्षेत्र के रहवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।