चित्तौड़गढ़। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत), चित्तौड़गढ़ एवं महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को महाविद्यालय परिसर में विकसित भारत युवा संसद-2027 एवं विकसित भारत युवा संवाददृसंविधान दिवस संस्करण का जिला स्तरीय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में युवाओं ने नशामुक्ति, संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक सहभागिता और विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि भारती मेहता ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग भी एक प्रकार का नशा बन सकता है। युवाओं को तकनीकी दक्षता, नवाचार और रचनात्मक सोच का सकारात्मक उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए।
जिला युवा अधिकारी हेमंत कुमार मथुरिया ने आयोजन के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि युवा संसद के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, संवैधानिक समझ और लोकतांत्रिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रतियोगिता का विषय ‘नशा मुक्त युवादृविकसित भारत’ रखा गया। इस अवसर पर यूथ आइकॉन चक्षु जैन, स्पोर्ट्स आइकॉन खुशी मेनारिया एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर किरण गोस्वामी ने भी अपने अनुभव साझा किए।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों का विषय ज्ञान, प्रस्तुतीकरण, विचारों की स्पष्टता और तार्किक क्षमता के आधार पर मूल्यांकन किया। इसमें सलोनी चुण्डावत ने प्रथम, क्रिन्जल तम्बोली ने द्वितीय और खुशनुद मनुसरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेता आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चित्तौड़गढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्य, माय भारत के अधिकारी-कर्मचारी, युवा स्वयंसेवक, विद्यार्थी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। मंच संचालन विद्या कुंवर भाटी ने किया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।