नीमच। मनासा वन परिक्षेत्र की पाली बीट के कक्ष क्रमांक 304 में 24 नवंबर 2026 को एक तेंदुआ मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कर एनटीसीए, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक कार्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार जांच शुरू की। डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी ली गई।
प्रारंभिक जांच में तेंदुए की मृत्यु प्राकृतिक कारणों से होना प्रतीत हुई। वन्यजीव विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. जीवननाथ एवं डॉ. भूपेश पाटीदार ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया। जांच में उसके शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए।
निर्धारित प्रक्रिया के तहत वनमंडलाधिकारी एस.के. अटोडे, उपवनमंडलाधिकारी कुलदीपसिंह ठाकुर, तहसीलदार अजेंद्र प्रजापति सहित वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में तेंदुए का अंतिम संस्कार किया गया। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।