मंदसौर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) को विश्वस्तरीय शैक्षणिक प्रशिक्षण सुविधा का केंद्र बनाया जाए। संस्थान में अध्ययनरत विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण कराकर उन्हें बेहतर सीखने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। यह निर्देश कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने डाइट की जिला स्तरीय समिति की बैठक में दिए।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनुप्रिया विनीत यादव, डिप्टी कलेक्टर रोहित राणावत एवं डाइट प्राचार्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के परिसर में प्रस्तावित विभिन्न विकास एवं अन्य कार्यों के संबंध में अनुमोदन प्रदान किया गया। इस दौरान प्राचार्य ने संस्था का आय-व्यय विवरण भी प्रस्तुत किया।
कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने संस्था के बैंक खाते में उपलब्ध राशि का उपयोग विद्यार्थियों एवं संस्थान के हित में करने के निर्देश दिए। साथ ही बैंक में एफडी कराने के संबंध में विभिन्न बैंकों की ब्याज दरों की जानकारी प्राप्त कर उचित निर्णय लेने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि संस्थान में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर से बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। चयनित विद्यार्थियों के लिए बेहतर एक्सपोजर विजिट आयोजित की जाएं तथा उन्हें आईआईएम, आईआईटी जैसे देश के प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण करवाकर वहां की शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं को समझने का अवसर दिया जाए।
उन्होंने संस्थान में नए नवाचारों को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर भी जोर दिया।