उज्जैन। उज्जैन में “सिंहस्थ 2028” को लेकर विकास कार्यों की तैयारियां तेज हो गई हैं । वहीं, इन विकास कार्यों के दायरे में आ रहे व्यापारियों की चिंता भी बढ़ने लगी है। आगर रोड स्थित चिमनगंज मंडी गेट के सामने दरगाह के पास संचालित दुकानों के व्यापारियों ने अपनी आजीविका प्रभावित होने की आशंका जताते हुए प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है। व्यापारियों ने दुकानों के पीछे स्थित करीब 5 एकड़ रिक्त शासकीय भूमि पर दुकान के आकार के अनुसार जगह आवंटित करने की मांग की है ।
दरअसल, सिंहस्थ 2028 की कार्ययोजना के अंतर्गत इंदिरा नगर चौराहा से चामुंडा माता मंदिर चौराहा तक एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसके अंतर्गत आगर रोड स्थित चिमनगंज मंडी गेट के सामने दरगाह के पास बनी दुकानों के प्रभावित होने की बात सामने आई है। दुकानदारों का कहना है कि उनकी दुकानें वर्षों पुरानी हैं और कई बार पहले भी सिंहस्थ के विकास कार्यों के चलते उनकी दुकानों का हिस्सा अधिग्रहित किया जा चुका है।
व्यापारियों ने बताया कि उनकी दुकान का आकार लगभग 2.85 मीटर चौड़ाई और 3.57 मीटर गहराई है। वर्ष 2002-03 में भी सिंहस्थ के दौरान उनकी दुकान का 22 फीट हिस्सा अधिग्रहित किया गया था। इसके बाद वर्ष 2014-15 में सिंहस्थ 2016 के दौरान दुकान का 16 फीट हिस्सा लिया गया था । लेकिन एक बार फिर 10 दुकानों पर नगर निगम की ओर से कार्यवाही का सूचना पत्र दिया गया है व्यापारियों का कहना है कि यदि इस बार दुकान पूरी तरह हटाई जाती है तो उनके सामने रोजगार और आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा । व्यापारियों ने प्रशासन के समक्ष यह भी तर्क रखा है कि नगर निगम द्वारा पूर्व में कोयला फाटक और शाही मस्जिद क्षेत्र में चौड़ीकरण के दौरान प्रभावित व्यापारियों को वैकल्पिक दुकानें उपलब्ध कराई गई थीं। इसी आधार पर उन्होंने अपनी दुकानों के ठीक पीछे स्थित करीब 5 एकड़ रिक्त शासकीय भूमि में दुकान के साइज के अनुसार जमीन आवंटित करने की मांग की है।