धार। सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र के 66 गांवों में नर्मदा-माही लिंक सिंचाई परियोजना के लोकार्पण के एक महीने बाद भी खेतों तक पानी नहीं पहुंचने से किसानों में नाराजगी है। रबी फसल की बुवाई करने के बाद सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। बुधवार को विधायक प्रताप ग्रेवाल के नेतृत्व में किसानों ने सरदारपुर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और प्रशासन को चार दिन में पानी की सप्लाई शुरू करने का अल्टीमेटम दिया।
किसानों ने चेतावनी दी कि तय समय में खेतों तक पानी नहीं पहुंचा तो बड़ी संख्या में सरदारपुर थाने का घेराव किया जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की जाएगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 24 अक्टूबर को सरदारपुर में 2,387 करोड़ रुपए की लागत से बनी नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया था। इस परियोजना के माध्यम से धार जिले के सरदारपुर क्षेत्र के 66 और झाबुआ जिले के 194 गांवों सहित कुल 260 गांवों की करीब 57,422 हेक्टेयर जमीन को सिंचाई सुविधा देने का लक्ष्य रखा गया है।
25 हजार हेक्टेयर में बोवनी, पानी नहीं मिलने से बढ़ी चिंता
विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कहा कि सिंचाई का पानी मिलने की उम्मीद में किसानों ने करीब 25 हजार हेक्टेयर जमीन पर रबी फसल की बोवनी कर दी है, लेकिन एक महीने बाद भी खेतों तक पानी नहीं पहुंचा। इससे फसलें सूखने की कगार पर हैं और किसान आर्थिक संकट में फंसते नजर आ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि पानी की कमी से फसल खराब होने पर किसानों को चार गुना मुआवजा दिया जाए। साथ ही मुख्यमंत्री को किसानों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चार दिन में पानी नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।
पाइपलाइन की मरम्मत के बाद पंपिंग शुरू करने का दावा
मामले में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) के कार्यपालन यंत्री आलोक कुमार चौबे ने बताया कि कुछ तकनीकी खामियों और पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी की सप्लाई प्रभावित हुई थी। नर्मदा नदी से सरदारपुर होते हुए मिंडा तक आने वाली मुख्य पाइपलाइन कई स्थानों पर टूट गई थी। विभाग ने मरम्मत का काम पूरा कर पंपिंग शुरू कर दी है। अधिकारी के अनुसार जल्द ही सभी गांवों में पानी का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि, किसानों का कहना है कि जब तक खेतों तक पानी नहीं पहुंचता, तब तक उनकी परेशानी दूर नहीं होगी।