देवास। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर दो महिलाओं से 4 लाख 85 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी किशोर उर्फ नन्दकिशोर प्रजापत निवासी भवानी सागर, देवास को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि आरोपी ने नगर निगम में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए दोनों महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का भरोसा दिया और उनसे अलग-अलग रकम वसूल ली। महिलाओं की शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने तकनीकी सहायता और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 30 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से ठगी की रकम बरामद करने के साथ ही मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।