खरगोन। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को खत्म करने के लिए केवल कानूनी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। माता-पिता, धर्मगुरुओं और सामुदायिक प्रतिनिधियों के सहयोग से ही बाल विवाह पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। यह बात जिला समन्वयक रानू पंडित शर्मा ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित जिला स्तरीय परामर्श बैठक में कही।
मंगलवार को पुराना पीआरओ परिसर स्थित महिला सभा हॉल में आयोजित बैठक में बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल अधिकारों की सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। इस दौरान बताया गया कि 28 नवंबर 2026 से 7 मार्च 2027 तक जिले में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, आंगनवाड़ियों और पंचायत स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। दिसंबर महीने में पंच-सरपंच और जनप्रतिनिधियों को अभियान से जोड़ा जाएगा, जबकि मार्च में धर्मगुरुओं के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे।
रानू पंडित शर्मा ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में कुंजा, पुजारी और पटेल जैसे प्रभावशाली सामुदायिक प्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज स्वयं बाल विवाह के खिलाफ आगे नहीं आएगा, तब तक इस कुरीति को पूरी तरह समाप्त करना मुश्किल है। बैठक में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।