चित्तौड़गढ़। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत गुरुवार को उप जिला प्रमुख पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया जिला ग्रामीण विकास सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू की मौजूदगी में संपन्न हुई।
निर्वाचन में इंडियन नेशनल कांग्रेस के रामेश्वर लाल धाकड़ ने 28 मत प्राप्त कर उप जिला प्रमुख पद पर जीत दर्ज की। वहीं भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी चन्दरी को 7 मत प्राप्त हुए। इसके साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने उप जिला प्रमुख रामेश्वर लाल धाकड़ को निर्वाचन का प्रमाण पत्र देकर शपथ दिलाई।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने बताया कि उप जिला प्रमुख निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10 बजे से प्रारंभ हुई। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे उप जिला प्रमुख पद के लिए मतदान करवाया गया। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं निर्वाचन नियमों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की गई। उप जिला प्रमुख पद के निर्वाचन के साथ ही जिले में जिला परिषद के नेतृत्व का चयन संपन्न हुआ।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश धाकड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू.अ.) राजलक्ष्मी गहलोत, विशेषाधिकारी रविंद्र मेघवाल सहित निर्वाचन संबंधी कार्मिक मौजूद रहे।