नीमच। राष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिता में नीमच के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित 37वीं नेशनल स्विमिंग चौंपियनशिप 2026 में नीमच के पांच खिलाड़ियों ने कुल 15 पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता का आयोजन 20, 21 और 22 नवंबर को बालावना स्विमिंग पूल, पुट्टूर में किया गया था।
आशीष गोयल के नेतृत्व में प्रतियोगिता में शामिल हुई नीमच की टीम ने एक स्वर्ण और 14 कांस्य पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों में धैर्य आशीष गोयल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और तीन कांस्य पदक जीते। वहीं इशिका मनोज फुलवारी ने चार कांस्य, अंशिका पांडे ने तीन कांस्य, अनुराग पांडे ने दो कांस्य और दर्पण मिश्रा ने दो कांस्य पदक हासिल किए।
पांचों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर एसएसवीएम (सीबीएसई) की प्राचार्य कविता जिंदल, स्कूल मैनेजमेंट के प्रहलाद रॉय गर्ग एवं नीलेश पाटीदार, कोच अनिल कुमार सहित विद्यालय के खेल एवं अन्य स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय परिवार ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। पांचों खिलाड़ियों की सफलता से विद्यालय और नीमच जिले में खुशी का माहौल है।