BREAKING NEWS
NEWS : आरटीई भुगतान नहीं होने से आक्रोशित निजी.. <<     KHABAR : पोलायकलां से संभाग स्तरीय निःशुल्क हृदय.. <<     KHABAR : वरिष्ठ पत्रकार आकाश चौहान की प्रथम.. <<     MANDI BHAV : एक क्लिक में पढ़े कृषि उपज मंडी मनासा के.. <<     KHABAR : नीमच के पांच तैराकों ने राष्ट्रीय.. <<     BIG NEWS : आखिर गुलाना बस स्टैंड पर कब थमेगा हादसों.. <<     #कहीं सांप-बिच्छुओं का डर तो कहीं यूनिफॉर्म.. <<     NEWS : सांसद सीपी जोशी के प्रयासों से 4 साल की.. <<     NEWS : रामेश्वर लाल धाकड़ बने उप जिला प्रमुख,.. <<     NEWS : चित्तौड़गढ़ में सांसद सीपी जोशी बने विश्व.. <<     NEWS : भारतीय वायुसेना में करियर बनाने के लिए.. <<     KHABAR : संविधान दिवस पर नीमच के कॉलेज में लगी.. <<     VIDEO: #हनुमान #मंदिर #आखिर क्यों #हटेगा? #आश्वासन .. <<     BIG NEWS : पांच खिलाड़ी मैदान में उतरे और पांचों ने.. <<     #दिल की धड़कनों को सहेजने की अनूठी.. <<     KHABAR : पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में 77वां.. <<     BIG NEWS : पन्ना में क्लच वायर के फंदे में फंसी मिली.. <<     VIDEO: किसानों ने ठोकी आंदोलन की ताल, अब रेल.. <<    
वॉइस ऑफ़ एमपी न्यूज़ चैनल में विज्ञापन के लिए..
November 26, 2026, 6:57 pm
KHABAR : पोलायकलां से संभाग स्तरीय निःशुल्क हृदय जांच अभियान का शुभारंभ, पहले दिन 682 लोगों की हुई जांच, पढे़ दिलीप सौराष्ट्रीय की खबर

Share On:-

शाजापुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को शाजापुर जिले की पोलायकलां तहसील में संभाग स्तरीय निरूशुल्क हृदय जांच शिविर अभियान का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुभारंभ किया। राष्ट्रसेवी स्वर्गीय शालिगराम तोमर की पुण्यतिथि पर जिला प्रशासन शाजापुर और पूर्णिमाश्री सेवा संगठन उज्जैन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशेष रूप से मौजूद रहे। शिविर के पहले दिन कुल 682 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि समाज कल्याण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सकारात्मक दृष्टिकोण और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना चाहिए। स्वर्गीय शालिगराम तोमर का व्यक्तित्व और कृतित्व सभी के लिए प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने सीमित संसाधनों के बीच युवाओं को समाजसेवा से जोड़ने और संगठनात्मक क्षमता के माध्यम से जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का काम किया। आपातकाल के कठिन दौर में भी उन्होंने लोगों को साहस और संबल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके विचारों और कार्यों को आगे बढ़ाना हम सभी का कर्तव्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पोलायकलां में निशुल्क हृदय जांच शिविर की पहल सराहनीय है। ऐसे शिविरों से लोगों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति और बीमारियों की जानकारी समय रहते मिल सकेगी, जिससे वे आवश्यक सावधानियां बरतने के साथ उपचार भी करा सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल शुरू किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत कम हो रही है। आयुष्मान योजना से भी बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिल रहा है।

डॉ. यादव ने बताया कि गंभीर बीमारियों के मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए एयर एम्बुलेंस सेवा और दुर्घटना में घायलों की सहायता के लिए राहवीर योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क नेटवर्क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। अगले दो वर्षों में मध्यप्रदेश में 55 चिकित्सा महाविद्यालय तैयार होंगे। राज्य सरकार सभी क्षेत्रों में विकास और खुशहाली के लिए प्रयासरत है।

उच्च शिक्षा, आयुष एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने स्वर्गीय शालिगराम तोमर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण, सेवा, संघर्ष और संगठनात्मक निष्ठा का उदाहरण है। उन्होंने युवाओं को समाज के प्रति जिम्मेदार बनाने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की प्रेरणा दी। मंत्री ने कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर समाजहित में कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मंत्री परमार ने संविधान दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को पूरा करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में सभी नागरिकों की सहभागिता को आवश्यक बताया।

शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए कार्य कर रही है। जिला चिकित्सालयों में 263 प्रकार की दवाइयां निरूशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। शाजापुर और शुजालपुर के अस्पतालों में आधुनिक जांच मशीनों से नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि हृदय रोगों की समय पर पहचान और उपचार के उद्देश्य से जिले में कुल 36 स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे। इनमें शाजापुर विधानसभा क्षेत्र के 14 शिविर शामिल हैं।

कालापीपल विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने कहा कि स्वर्गीय शालिगराम तोमर की जन्मस्थली पोलायकलां से इस अभियान की शुरुआत होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के उन लोगों को भी स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा मिल सकेगी, जो बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने अभियान में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

पूर्णिमाश्री सेवा संगठन के मुख्य संयोजक सत्यनारायण खोईवाल ने बताया कि शाजापुर जिले में यह अभियान एक माह तक चलेगा। इसके तहत शाजापुर विधानसभा क्षेत्र में 14, शुजालपुर में 12 और कालापीपल में 10 शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा हृदय रोग से संबंधित जांच और परामर्श दिया जाएगा। ईसीजी, ईको, लिपिड प्रोफाइल, ब्लड शुगर सहित अन्य प्राथमिक जांच निरूशुल्क की जाएंगी। आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ पात्र मरीजों को आयुष्मान भारत योजना के तहत निरूशुल्क उपचार और ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया जाएगा।

पहले दिन 682 लोगों की जांच
अभियान के पहले दिन अमलतास मेडिकल कॉलेज देवास और शाजापुर जिले के विशेषज्ञ चिकित्सकों के दल ने कुल 682 लोगों की स्वास्थ्य जांच की। इनमें 46 ईसीजी, 12 ईको और 46 रक्त संबंधी जांच सहित अन्य परीक्षण शामिल रहे।

कार्यक्रम में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष पंकज जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया, शुजालपुर नगर पालिका अध्यक्ष बबीता परमार, कलेक्टर डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े, पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला, जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, सीएमएचओ डॉ. कमला आर्य सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

VOICE OF MP
एडिटर की चुनी हुई ख़बरें आपके लिए
SUBSCRIBE