नीमच। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में दिनांक 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा राधा देवी रामचंद्र मंगल महाविद्यालय, भाटखेड़ा, नीमच में विशेष विधिक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच विशाल अखंड ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की मूल अवधारणा, उसकी महत्ता एवं संवैधानिक मूल्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान का नियमित अध्ययन एवं पठन-पाठन करने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि देश में निर्मित होने वाला प्रत्येक कानून एवं अधिनियम भारतीय संविधान के अनुरूप होना आवश्यक है। यदि कोई विधि संविधान के प्रावधानों के विपरीत पाई जाती है, तो माननीय उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालय द्वारा उसे असंवैधानिक घोषित कर निरस्त किया जा सकता है।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार ने विद्यार्थियों को संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ ही एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने संवैधानिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने लोकतंत्र में मतदान के अधिकार की महत्ता बताते हुए प्रत्येक विद्यार्थी को जागरूक एवं सतर्क मतदाता बनने तथा अपने मताधिकार का स्वतंत्र एवं विवेकपूर्ण उपयोग करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में जिला न्यायाधीश एवं सचिव विशाल अखंड द्वारा उपस्थित समस्त विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकगण को भारतीय संविधान की प्रस्तावना (उद्देशिका) का सामूहिक वाचन कराया गया। इस दौरान सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के डायरेक्टर कुशाग्र मंगल, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के प्रति जागरूक करते हुए संवैधानिक आदर्शों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया गया।