चित्तौड़गढ़। भारतीय वायुसेना में युवाओं को करियर के अवसरों से अवगत कराने तथा भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देने के उद्देश्य से नंबर-5 वायुसैनिक चयन केंद्र, जोधपुर की ओर से 25 एवं 26 नवंबर को जिले के विभिन्न विद्यालयों में दो दिवसीय करियर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नंबर-5 वायुसैनिक चयन केंद्र, जोधपुर के कमान अधिकारी के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित कार्यक्रम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सैंती, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय चित्तौड़गढ़ तथा शहीद मेजर नटवर सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चित्तौड़गढ़ में आयोजित हुआ। इस दौरान वायुसेना चयन केंद्र से आए अधिकारियों सार्जेंट किशोर कुमार, सार्जेंट अरविंद कुमार राय एवं सार्जेंट एन.ए. भट्ट ने विद्यार्थियों को भारतीय वायुसेना में अग्निवीर एवं अधिकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया, शैक्षणिक योग्यता, परीक्षा पैटर्न और चयन के विभिन्न चरणों की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम एवं अनुशासन के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने बताया कि भारतीय वायुसेना में अग्निवीर भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 21 वर्ष से बढ़ाकर 22 वर्ष कर दी गई है। बारहवीं कक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक तथा अंग्रेजी विषय में भी न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भर्ती संबंधी पात्रता एवं आवेदन की जानकारी आधिकारिक पोर्टल https://iafrecruitment.edcil.co.in/ पर प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही बताया कि एनसीसी के ए, बी एवं सी प्रमाण पत्र धारक अभ्यर्थियों को वायुसेना की भर्ती प्रक्रिया में अतिरिक्त अंक का लाभ दिया जाता है।
दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान करीब 600 विद्यार्थियों को वायुसेना में उपलब्ध करियर अवसरों एवं भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें भारतीय वायुसेना में शामिल होकर देशसेवा करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में आयोजित प्रश्नोत्तरी में सही उत्तर देने वाले कैडेट्स को पुरस्कृत भी किया गया।