खरगोन। जिले के कसरावद में कसरावद जैसे छोटे शहरों में पार्क महज सौंदर्यीकरण का माध्यम नहीं होते, बल्कि सामाजिक समरसता, स्वस्थ जीवनशैली और नागरिकों के आपसी मेल-मिलाप के महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं। ऐसे सार्वजनिक स्थल के लोकार्पण कार्यक्रम में स्थानीय निकाय के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को ही दरकिनार कर देना लोकतांत्रिक परंपराओं और जनप्रतिनिधियों के सम्मान पर सवाल खड़े करता है।
नगर में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत करीब 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित पार्क का सांसद द्वारा लोकार्पण किए जाने को लेकर नगर परिषद ने नाराजगी जताई है। परिषद का आरोप है कि लोकार्पण कार्यक्रम के संबंध में नगर परिषद को न तो कोई सूचना दी गई और न ही चुने हुए जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया। इतना ही नहीं, परिषद के अनुसार पार्क का निर्माण कार्य भी अभी पूरी तरह पूर्ण नहीं हुआ है, बावजूद इसके लोकार्पण कर दिया गया।
नगर परिषद अध्यक्ष विमल राजेंद्रसिंह यादव ने इस घटनाक्रम पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे परिषद के साथ-साथ कसरावद की जनता का भी अपमान बताया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद को किसी प्रकार का प्रशासनिक पत्र अथवा कार्यक्रम की सूचना नहीं देना भाजपा सरकार के अहंकार और तानाशाही रवैये को दर्शाता है। जब स्थानीय निकाय के चुने हुए प्रतिनिधियों को ही विकास कार्यों के कार्यक्रम से अलग रखा जाएगा, तो यह जनप्रतिनिधित्व की भावना का अपमान है।
उन्होंने भूमि आवंटन के दौरान भी स्थानीय भाजपा नेताओं द्वारा अड़ंगा लगाए जाने का आरोप लगाया और कहा कि लंबे समय तक भूमि आवंटन नहीं होने से पार्क निर्माण में बाधाएं आईं। अब निर्माण कार्य पूर्ण होने से पहले ही लोकार्पण कर दिया जाना और नगर परिषद को विश्वास में नहीं लेना, राजनीतिक भेदभावपूर्ण रवैये को उजागर करता है।
पार्क जैसे सार्वजनिक स्थल नगर की जनता के लिए होते हैं, न कि किसी राजनीतिक दल के प्रचार अथवा राजनीतिक श्रेय लेने का माध्यम। नगर परिषद का कहना है कि विकास कार्यों में सभी जनप्रतिनिधियों को सम्मान और सूचना देना लोकतांत्रिक मर्यादा का हिस्सा है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद जनता और नगर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में विधिवत लोकार्पण किया जाना उचित होता।