नीमच। 70वीं राज्य स्तरीय शालेय मॉडर्न पेंटाथलॉन प्रतियोगिता में नीमच के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। भोपाल के तरण पुष्कर स्विमिंग पूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में नीमच की बेटियों ने अपना दबदबा कायम रखा। गर्ल्स वर्ग में रिद्धि डॉ. मयंक राठौर ने गोल्ड मेडल जीतकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि अस्मी दीपेंद्र भटनागर ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। खास बात यह रही कि गर्ल्स वर्ग के दोनों शीर्ष स्थानों पर नीमच की खिलाड़ियों ने कब्जा जमाया।
वहीं बॉयज वर्ग में नीमच के आयुष सुनील शर्मा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इसके अलावा टीम गेम के आधार पर आरव वीरेंद्र शर्मा और अनुज दिनेश मोहिल ने भी नेशनल प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की की।
नीमच के लिए यह बड़ी उपलब्धि रही कि प्रतियोगिता में शामिल सभी पांच खिलाड़ियों का चयन नेशनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब ये पांचों खिलाड़ी गोवा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस शानदार सफलता के पीछे वाटर स्पोर्ट्स मेंटॉर प्रभु मूलचंदानी, मोटिवेटर राकेश कोठारी, एलीट कोच नीलेश घावरी और आयुष गौड़, स्ट्रोक कोच सुधा सोलंकी एवं समीर सिंह जादोन का मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत रही। नगर पालिका पूल, रनिंग ग्राउंड और शूटिंग रेंज में नियमित अभ्यास का परिणाम है कि नीमच के खिलाड़ी मल्टी स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं में लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।