नीमच। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित एशियन बायथले, ट्रायथले एवं लेजर रन चैंपियनशिप में नीमच के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। 12 से 15 नवंबर तक चल रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के पहले ही दिन लेजर रन स्पर्धा में स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब, नीमच के खिलाड़ियों ने 7 स्वर्ण और 6 रजत सहित कुल 13 पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की। छोटे शहर के खिलाड़ियों ने एशिया के मंच पर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय देते हुए नीमच को गौरवान्वित किया है।
नीमच के खिलाड़ियों ने जीते 7 स्वर्ण पदक
पहले दिन की प्रतियोगिता में नीमच के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। पदक विजेताओं में शामिल हैं-
सिद्धांत गोपाल सिंह जादौन – 2 स्वर्ण पदक
यश्वी नितेश शर्मा – 1 स्वर्ण पदक
अस्मि दीपेश भटनागर – 1 स्वर्ण और 1 रजत पदक
शौर्यवर्धन धीरेंद्र गहलोत – 1 स्वर्ण पदक
आरव नीलेश बाफना – 1 स्वर्ण और 1 रजत पदक
आरव वीरेंद्र शर्मा – 1 स्वर्ण और 1 रजत पदक
रजत पदक विजेताओं ने भी दिखाया दम
प्रतियोगिता में नीमच की स्तुति डॉ. मनीष चमड़िया ने 2 रजत पदक हासिल किए, जबकि कनिष्का संजय गहलोत ने 1 रजत पदक जीतकर जिले की पदक तालिका में योगदान दिया।
एक ही दिन में नीमच के खिलाड़ियों द्वारा 13 पदक जीतना जिले के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नीमच की खेल प्रतिभा को पहचान दिलाई है।
दो वर्षों की कड़ी मेहनत और तैयारी का परिणाम-
स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब के खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे पिछले दो वर्षों की कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास रहा है। लेजर रन जैसे खेल में उपयोग होने वाले महंगे उपकरणों और संसाधनों के साथ प्रशिक्षण हासिल करना आसान नहीं था। इसके बावजूद शासन-प्रशासन, समाज, संगठन और फेडरेशन के सहयोग से खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा साबित की।
प्रशिक्षकों ने जताई खुशी, कहा- अभी और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब के वॉटर स्पोर्ट्स मेंटर प्रभु मूलचंदानी और मोटिवेटर राकेश कोठारी ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि खिलाड़ी दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। उनके अनुशासन और निरंतर अभ्यास को देखते हुए इस प्रदर्शन की उम्मीद थी। उन्होंने कहा कि खेल में मेहनत के अनुरूप परिणाम मिलते हैं। प्रतियोगिता के अभी दो दिन शेष हैं और आने वाले मुकाबलों में भी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
मध्यप्रदेश के अन्य खिलाड़ियों ने भी जीते पदक-
मध्यप्रदेश सचिव सुनील भारती और मॉडर्न पेंटाथलॉन अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया ने बताया कि नीमच के अलावा प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में पदक हासिल किए हैं। होशंगाबाद के यश कमलेश बाथरे ने रजत, ग्वालियर की डिम्पल कंकवार ने रजत और धैर्य साहू ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रशिक्षकों की मेहनत ने निखारी खिलाड़ियों की प्रतिभा-
इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि के पीछे मुख्य प्रशिक्षक निलेश घावरी, आयुष गौड़ और सुधा सोलंकी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत ने इस सफलता की राह तैयार की।
बायथले और ट्रायथले मुकाबलों पर नजरें-
लेजर रन के पहले दिन 13 पदक जीतने के बाद अब प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों पर सभी की निगाहें टिकी हैं। बायथले और ट्रायथले स्पर्धाओं में भी नीमच के खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। पहले दिन की शानदार सफलता ने जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह बढ़ा दिया है।