नीमच। यूएई में आयोजित एशियन बायथले, ट्रायथले एवं लेजर रन चैंपियनशिप में तीसरे दिन भी नीमच के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। समुद्र की ऊंची लहरों के बीच चुनौतीपूर्ण मुकाबलों में खिलाड़ियों ने एक गोल्ड और पांच सिल्वर सहित कुल छह पदक अपने नाम किए।
तीसरे दिन इन खिलाड़ियों ने जीते पदक-
यश्वी नितेश शर्मा – 1 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल
आरव नीलेश बाफना – 1 सिल्वर मेडल
अस्मि दीपेंद्र भटनागर – 1 सिल्वर मेडल
स्तुति डॉ. मनीष चमड़िया – 1 सिल्वर मेडल
कनिष्का संजय गेहलोत – 1 सिल्वर मेडल
सुबह 5 बजे से शुरू होती है जीत की तैयारी
इन पदकों के पीछे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अभिभावकों का समर्पण और प्रशिक्षकों का अनुशासन है। नीमच के खिलाड़ी प्रतिदिन 5 से 6 घंटे अभ्यास करते हैं। उनके अभिभावक सुबह 5 बजे ही बच्चों को लेकर स्विमिंग पूल पहुंच जाते हैं। मौसम चाहे ठंड का हो, गर्मी का या बारिश का, खिलाड़ियों के साथ उनके अभिभावक और कोच भी नियमित रूप से अभ्यास में जुटे रहते हैं।
खिलाड़ियों की दिनचर्या में स्विमिंग, रनिंग, शूटिंग और फेंसिंग का अभ्यास शामिल है। सुबह स्विमिंग पूल में तैराकी के बाद ग्राउंड पर रनिंग और फिर शूटिंग व फेंसिंग की तकनीकों का अभ्यास कराया जाता है। इसी नियमित मेहनत का परिणाम है कि नीमच के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर जिले और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
तीन दिनों में भारत ने जीते 36 पदक
चैंपियनशिप में अब तक भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा है-
पहला दिन – 13 पदक
दूसरा दिन – 17 पदक
तीसरा दिन – 6 पदक
कुल – 36 पदक (18 गोल्ड, 16 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज)
मध्यप्रदेश के सचिव सुनील भारती और नीमच अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में अगले दिन भी पांच इवेंट होने बाकी हैं, जिनमें भारतीय टीम की ओर से गोल्ड मेडल जीतने की मजबूत दावेदारी है।
प्रशिक्षकों और मोटिवेटर की अहम भूमिका-
खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे प्रशिक्षकों और मोटिवेटर का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
मोटिवेटर: राकेश कोठारी
हेड कोच: प्रभु मूलचंदानी
एलीट कोच: आयुष गौड़ एवं नीलेश घावरी
स्ट्रोक कोच: सुधा सोलंकी एवं समीर सिंह जादोन
छोटे शहर नीमच के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे जिले में खुशी का माहौल है। नीमचवासियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।