नीमच। मेहनत, प्रतिभा और पारिवारिक प्रोत्साहन के दम पर नीमच की होनहार खिलाड़ी स्तुति मनीष चमड़िया ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और उपलब्धि हासिल की है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 11 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिए उनका चयन हुआ है। स्तुति प्रतियोगिता में बायथल, ट्रायथल और लेजर रन स्पर्धाओं में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से नीमच सहित पूरे मध्यप्रदेश में खुशी का माहौल है।
स्तुति की सफलता के पीछे उनकी बड़ी बहन डॉ. ख्याति चमड़िया की प्रेरणा और परिवार का खेल एवं शिक्षा के प्रति समर्पण महत्वपूर्ण रहा है। खास बात यह है कि परिवार की दोनों बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। खेलों में उपलब्धियां हासिल करने के साथ ही दोनों बहनों का सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है।
बड़ी बहन डॉ. ख्याति से मिली प्रेरणा-
स्तुति अपनी बड़ी बहन डॉ. ख्याति चमड़िया को आदर्श मानती हैं। डॉ. ख्याति ने वर्ष 2018 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित पैसिफिक अंतरराष्ट्रीय स्कूल खेलों में शानदार प्रदर्शन किया था। स्कूल स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने कई उपलब्धियां हासिल कीं। उनकी खेल उपलब्धियों और अनुशासित जीवनशैली से प्रेरित होकर स्तुति ने भी पढ़ाई के साथ खेलों में मेहनत जारी रखी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीत चुकी हैं कांस्य पदक-
स्तुति ने पिछले वर्ष दक्षिण अफ्रीका में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया था। इस उपलब्धि से उन्होंने अपने परिवार, कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल नीमच, मध्यप्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया। अब UAE में होने वाली एशियन चैंपियनशिप में उनके प्रदर्शन पर सभी की निगाहें रहेंगी।
पिता का खेलों से जुड़ाव, मां का मिला सहयोग-
स्तुति के पिता डॉ. मनीष चमड़िया स्वयं खेलों से जुड़े हैं और साइक्लिंग के क्षेत्र में भी कई उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। वहीं उनकी माता डॉ. मनीषा चमड़िया बेटियों की पढ़ाई, खेल अभ्यास और प्रतियोगिताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। परिवार ने हमेशा शिक्षा और खेल दोनों को समान महत्व देते हुए बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया है।
स्तुति का एशियन चैंपियनशिप के लिए चयन उनकी व्यक्तिगत मेहनत के साथ परिवार के निरंतर सहयोग का भी परिणाम है। नीमच सहित पूरे प्रदेश को उम्मीद है कि वे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगी।