नीमच। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश के तत्वावधान में भोपाल के तरण पुष्कर स्विमिंग पूल परिसर में आयोजित होने वाली 70वीं राज्य स्तरीय शालेय मॉडर्न पेंटाथलॉन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नीमच जिले की टीम बुधवार को भोपाल रवाना हुई। प्रतियोगिता के मुख्य मुकाबले 26 नवंबर से शुरू होंगे। इसमें प्रदेश के विभिन्न संभागों और जिलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच मुकाबला होगा।
नीमच की टीम में आरव वीरेंद्र शर्मा, आयुष सुनील शर्मा, अनुज दिनेश मोहिल, रिधि डॉ. मयंक राठौर और अस्मी दीपेंद्र भटनागर शामिल हैं। ये खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाओं में अपनी शारीरिक क्षमता, गति और सटीकता का प्रदर्शन करेंगे।
एक ही परिसर में मिल रहीं मल्टी-स्पोर्ट्स अभ्यास की सुविधाएं
टीम की रवानगी के अवसर पर वाटर स्पोर्ट्स मेंटॉर प्रभु मूलचंदानी एवं मोटिवेटर राकेश कोठारी ने बताया कि नीमच के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की मल्टी-स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसका श्रेय एलीट कोच नीलेश घावरी एवं आयुष गौड़ तथा स्ट्रोक कोच सुधा सोलंकी एवं समीर सिंह जादोन के मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत को जाता है।
उन्होंने बताया कि नीमच में नगर पालिका स्विमिंग पूल, रनिंग ग्राउंड, शूटिंग और फेंसिंग रेंज की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। इससे खिलाड़ियों को स्विमिंग, रनिंग, लेजर शूटिंग और तलवारबाजी (फेंसिंग) जैसी स्पर्धाओं का एक साथ अभ्यास करने का अवसर मिल रहा है। इन सुविधाओं के चलते नीमच मल्टी-स्पोर्ट्स खेलों के एक मजबूत केंद्र के रूप में उभर रहा है।
पदक जीतने की उम्मीद-
खिलाड़ियों की तैयारियों और पिछले प्रदर्शन को देखते हुए प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नीमच की टीम से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। टीम की रवानगी पर खेल जगत से जुड़े पदाधिकारियों और अभिभावकों ने सभी खिलाड़ियों एवं कोच को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की कामना की।