खरगोन। ऐतिहासिक नगरी महेश्वर में मां नर्मदा का तट एक बार फिर लोक संस्कृति, भक्ति और संगीत के रंगों से सराबोर हो गया। 32वें तीन दिवसीय निमाड़ उत्सव का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। हजारों लोगों की मौजूदगी में विधायक राजकुमार मेव और कलेक्टर गुरुप्रसाद ने उत्सव का उद्घाटन किया। मां नर्मदा की महाआरती के साथ शुरू हुए इस सांस्कृतिक आयोजन में देशभर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं।
उत्सव के पहले दिन प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बना दिया। उनके भजनों पर दर्शक झूमते नजर आए। संगीत और भक्ति की धुनों के बीच विधायक राजकुमार मेव भी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। पूरा नर्मदा तट भक्ति, संगीत और लोक संस्कृति के उल्लास में डूबा नजर आया।
तीन दिन तक सजेगी लोक कला और संस्कृति की महफिल
24 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस निमाड़ उत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकार लोक नृत्य, संगीत और पारंपरिक कलाओं की प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन का उद्देश्य निमाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
अहिल्याबाई होलकर की ऐतिहासिक नगरी महेश्वर में आयोजित यह उत्सव कला, संस्कृति और पर्यटन के संगम के रूप में अपनी अलग पहचान रखता है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटकों और कला प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है।