चित्तौड़गढ़। राजस्थान पुलिस द्वारा आमजन को पुलिस की विभिन्न सेवाएं ऑनलाइन और आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकॉप सिटीजन ऐप संचालित किया जा रहा है। इस ऐप के माध्यम से नागरिक घर बैठे शिकायत दर्ज कराने, एफआईआर डाउनलोड करने और आपातकालीन पुलिस सहायता सहित कई सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। यह ऐप आमजन के लिए निःशुल्क उपलब्ध है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि राजकॉप सिटीजन ऐप राजस्थान पुलिस की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है। इसके माध्यम से आम नागरिकों को पुलिस से जुड़ी विभिन्न सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
ऐप में आपातकालीन स्थिति के लिए एसओएस सुविधा, पुलिस हेल्पलाइन नंबर, ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने, एफआईआर डाउनलोड करने, गुमशुदा सामान एवं दस्तावेजों की रिपोर्ट दर्ज कराने, किरायेदारों एवं घरेलू सहायकों का सत्यापन कराने तथा नजदीकी पुलिस थाने की जानकारी प्राप्त करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इस ऐप का मुख्य उद्देश्य आमजन को डिजिटल माध्यम से पुलिस सेवाओं से जोड़ना, पुलिस थानों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत देना तथा पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास स्थापित करना है। राजस्थान पुलिस ने आमजन से इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।