नीमच। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का समापन बुधवार, 25 नवंबर 2026 को मैराथन रैली एवं विधिक सेवा प्रदर्शनी के साथ हुआ। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के तहत सुबह 9.30 बजे भारत माता चौराहे से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र सिंह राजपूत ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन रैली को रवाना किया। इस अवसर पर जिला अभिभाषक संघ अध्यक्ष मनीष जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मैराथन में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आमजन को विधिक सेवाओं, न्याय तक समान पहुंच तथा विधिक अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इसके बाद नवीन जिला न्यायालय परिसर में विधिक सेवा प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसका शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र सिंह राजपूत ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित बैनर, पेम्फलेट, बुकलेट एवं लीफलेट प्रदर्शित किए गए। इनके माध्यम से आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक अधिकारों एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विशाल अखंड ने बताया कि न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के दौरान आमजन तक विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कई गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें विधिक जागरूकता बाइक रैली, जेल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविर शामिल रहे। इन आयोजनों के माध्यम से लोगों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता तथा विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
मैराथन रैली में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र सिंह राजपूत ने शील्ड एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया। पुरुष वर्ग में अरुण चौहान ने प्रथम, दीपक नायक ने द्वितीय तथा हेमंत बंजारा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में नट्टू मीणा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि 12 वर्ष से कम आयु वर्ग में प्रीत देवड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय विजय सिंह कावछा, विशेष न्यायाधीश एट्रोसिटी एक्ट आलोक कुमार सक्सेना, जिला न्यायाधीश जितेंद्र कुमार बाजोलिया एवं रश्मि मिश्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि कुमार बोरासी, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शोभना मीणा, विष्णु दुबे, राजेश्वरी जर्मन तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक विधिक सेवाएं पहुंचाना और जरूरतमंदों को सुलभ न्याय उपलब्ध कराना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य है।