चित्तौड़गढ़। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से संचालित अंबेडकर डीबीटी वाउचर योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है।
योजना के अंतर्गत जिला मुख्यालय स्थित राजकीय महाविद्यालयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र छात्र आवेदन कर सकते हैं।
अधिकतम 10 माह तक मिलेगी सहायता-
उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग चन्द्र प्रकाश जीनगर ने बताया कि घर से दूर जिला मुख्यालय पर किराये का कमरा लेकर पढ़ाई करने वाले पात्र विद्यार्थियों को महाविद्यालय में प्रवेश की तिथि से मार्च 2027 तक प्रतिमाह 2 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। यह राशि अधिकतम 10 माह तक मिलेगी। योजना का लाभ निर्धारित आय सीमा एवं अन्य पात्रता शर्तें पूरी करने वाले विद्यार्थियों को दिया जाएगा।
एसएसओ आईडी या ई-मित्र से करें आवेदन-
इच्छुक विद्यार्थी अपनी एसएसओ आईडी अथवा ई-मित्र केंद्र के माध्यम से एसजेएमएस-एसएमएस पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 है। विभाग ने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा में आवेदन करने की अपील की है।