टीकमगढ़। जिले के जतारा नगर स्थित बस स्टैंड पर बुधवार को प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व विजेता खिलाड़ी सुश्री क्रांति गौड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष अनुराग रामजी नायक, पूर्व भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मुकेश तिवारी और पार्षद शिवा साहू सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
औषधि केंद्र के संचालक रवि रजक ने बताया कि केंद्र का उद्देश्य आम लोगों को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि क्रांति गौड़ ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
इस मौके पर जतारा नगर में क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति गौड़ के आगमन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में क्रांति गौड़ ने जतारा की धरती पर अपना पहला क्रिकेट मैच खेला था। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।