इंदौर। कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती। इसी जज्बे और दृढ़ इच्छाशक्ति की मिसाल पेश कर रहे मध्यप्रदेश के 12 दिव्यांग खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रहे हैं। कर्नाटक के मैसूर में 18 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाली नेशनल चैंपियनशिप में ये खिलाड़ी मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से दीपावली के अवसर पर इंदौर में विशाल हिंदू सेवा संगठन द्वारा विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। खेड़ापति हनुमान मंदिर, पालदा में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित सभी 12 खिलाड़ियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
चयनित खिलाड़ियों में सपना जाधव, सुनील जाधव, शशि मालवीय, जमना भामरे, नीरज साहू, आशा, हेमंत पाल, प्रमोद कुशवाह, रविंद्र गुर्जर, संदीप जैन, धर्मेंद्र तांडेकर और सूरज शामिल हैं।
इस अवसर पर संगठन के शिक्षा प्रकोष्ठ की ओर से मनीष संकत के माध्यम से प्रत्येक खिलाड़ी को 2 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई। साथ ही खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों में प्रतिभा, मेहनत और हौसले की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और सहयोग देने की है। इसी भावना के साथ संगठन ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई के लिए यह पहल की है।
दीपावली के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह खिलाड़ियों के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा लेकर आया। अब मैसूर में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में इन 12 खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें रहेंगी। खिलाड़ी भी अपने हुनर और हौसले के दम पर मध्यप्रदेश का नाम रोशन करने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।