उज्जैन। बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों से जोड़ने और उनमें खेल भावना, अनुशासन एवं टीमवर्क विकसित करने के उद्देश्य से उज्जैन में खेलों के प्रति प्रोत्साहन की एक अच्छी पहल देखने को मिली। नागझिरी स्थित नारायणा स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय स्पोर्ट्स मीट में मध्यप्रदेश के 13 जिलों से आए एक हजार से अधिक बच्चों ने हिस्सा लिया। क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और शतरंज सहित 16 अलग-अलग खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। आयोजन का उद्देश्य खेलो इंडिया की भावना के अनुरूप बच्चों को खेलों के प्रति जागरूक करना और उन्हें शारीरिक रूप से सक्रिय रहने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
उज्जैन के नागझिरी स्थित नारायणा स्कूल में आयोजित इस खेल आयोजन में मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरों से 23 टीमों ने भागीदारी की। भोपाल, इंदौर, देवास, शिवपुरी, ग्वालियर, गुना और जबलपुर सहित 13 जिलों के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। गर्ल्स और बॉयज के जूनियर एवं सीनियर वर्ग के लिए अलग-अलग मुकाबले आयोजित किए गए।
तीन दिनों तक चले इस आयोजन में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, चेस, थ्रोबॉल और डॉजबॉल सहित कुल 16 खेलों की प्रतियोगिताएं हुईं। मैदान पर बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। खिलाड़ियों ने न केवल अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि टीम भावना और आपसी सहयोग का भी परिचय दिया।
प्रतियोगिता में इंदौर की एवी रोड ब्रांच ने ओवरऑल चौंपियनशिप हासिल की। विजेता टीम को चार फीट की ट्रॉफी और उपविजेता को रनरअप ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं प्रतिभागी बच्चों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
आयोजन में शामिल शिवपुरी ब्रांच के खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल में गोल्ड और थ्रोबॉल में दूसरा स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से आत्मविश्वास बढ़ता है और टीमवर्क सीखने का अवसर मिलता है।
आयोजकों का कहना है कि आज के समय में बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों से जोड़ना बेहद जरूरी है। खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों को अनुशासन, धैर्य, संघर्ष और एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ने की सीख भी देते हैं।
खेलो इंडिया जैसी पहल का मूल उद्देश्य भी देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं को खेलों से जोड़ना है। उज्जैन में आयोजित इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आगे बढ़ने का अवसर दे रहे हैं। जरूरत है कि स्कूलों में खेल गतिविधियों को इसी तरह प्रोत्साहन मिलता रहे, ताकि आने वाली पीढ़ी पढ़ाई के साथ खेल के मैदान में भी अपनी पहचान बना सके।