नीमच। इंदौर के नेहरू स्टेडियम में 22 से 24 नवंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय सब जूनियर जूडो प्रतियोगिता-2026 में नीमच के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में नीमच की अलवीरा पठान ने रजत पदक, जबकि गुंजन शर्मा ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
मध्यप्रदेश जूडो एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 180 खिलाड़ियों ने अलग-अलग वजन वर्गों में भाग लिया। प्रतियोगिता में नीमच जिला जूडो टीम के पांच खिलाड़ियों ने मुख्य प्रशिक्षक भरत सिंह कुमावत के मार्गदर्शन एवं सहायक प्रशिक्षिका रिया पाटीदार के नेतृत्व में हिस्सा लिया।
बालिका वर्ग के 36 किलोग्राम वजन वर्ग में अलवीरा पठान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। वहीं, 57 किलोग्राम वजन वर्ग में गुंजन शर्मा ने बेहतरीन मुकाबले करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
इसके अलावा जय कुमावत, डिम्पल नायक और गोरांशी शर्मा ने भी अपने-अपने वजन वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया और क्वार्टर फाइनल तक के मुकाबले जीते। हालांकि, वे पदक जीतने से मामूली अंतर से चूक गए।
प्रतियोगिता में पदक विजेता खिलाड़ियों सहित सभी प्रतिभागियों को मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ एवं जूडो एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पदक पहनाकर सम्मानित किया। नीमच के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले का गौरव बढ़ा है। खिलाड़ियों की सफलता पर खेलप्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया।