चित्तौड़गढ़। जन्म से ही सुनने की समस्या से जूझ रही मावली निवासी चार वर्षीय हिमांशी जाट अब सुन भी सकती है और सुनकर समझ भी सकती है। सांसद सीपी जोशी के प्रयासों से बालिका का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में सफल उपचार कराया गया। खास बात यह रही कि करीब 20 लाख रुपये की लागत वाले कॉक्लियर इम्प्लांट का उपचार नि:शुल्क करवाया गया।
जानकारी के अनुसार मावली निवासी रतन जाट की चार वर्षीय पुत्री हिमांशी जन्म से ही श्रवण संबंधी बीमारी से पीड़ित थी। परिजनों ने कई चिकित्सकों से सलाह ली। जांच के बाद चिकित्सकों ने बालिका के उपचार के लिए करीब 20 लाख रुपये की लागत से कॉक्लियर इम्प्लांट कराने की सलाह दी। इतनी बड़ी राशि का खर्च उठाना परिवार के लिए संभव नहीं था, जिसके चलते परिजन चिंतित थे।
इसी दौरान हिमांशी के पिता ने मावली निवासी समाजसेवी एवं गुर्जर गोंड ब्राह्मण समाज के चित्तौड़गढ़ जिला अध्यक्ष प्रशांत शर्मा से संपर्क किया। प्रशांत शर्मा ने बालिका की बीमारी और उपचार पर आने वाले खर्च की जानकारी सांसद सीपी जोशी को दी। इसके बाद सांसद ने अपने प्रयासों से जयपुर के एसएमएस अस्पताल में बालिका के समुचित उपचार की नि:शुल्क व्यवस्था करवाई।
सफल उपचार के बाद गुरुवार को हिमांशी अपने परिजनों के साथ चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पहुंची और सांसद सीपी जोशी से मुलाकात की। इस दौरान परिजनों ने बालिका के उपचार में सहयोग के लिए सांसद सीपी जोशी, प्रशांत शर्मा सहित अन्य सहयोगियों का आभार जताया और उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, सांसद प्रवक्ता पवन पटवारी, मुकेश नाहटा, राजेंद्र चतुर्वेदी, गौरव शर्मा, संजय खाब्या और अमन गौड़ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।