चित्तौड़गढ़। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के हित चिंतक अभियान के तहत सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने भी संगठन की सदस्यता ग्रहण की। गुरुवार को कलेक्ट्री स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विहिप पदाधिकारियों ने उन्हें हित चिंतक बनाया।
प्रचार प्रमुख संजय खाबिया ने बताया कि विहिप प्रांत धर्म प्रसार प्रमुख एवं हित चिंतक अभियान के जिला पालक मुकेश नाहटा के कार्यालय पर सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुकेश नाहटा, नगर मंत्री मोहित अरोड़ा, नगर सहमंत्री सुमित हेड़ा, बजरंग दल नगर संयोजक अमन गौड़ और प्रचार प्रमुख संजय खाबिया ने सांसद सीपी जोशी को अभियान के तहत सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, प्रशांत शर्मा, राजेंद्र चतुर्वेदी, पवन पटवारी और गौरव शर्मा ने भी विश्व हिंदू परिषद के हित चिंतक बनकर अभियान से जुड़ाव किया।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद सांसद सीपी जोशी ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के हित में लगातार कार्य कर रहा है। परिषद परिवार, गांव, मोहल्ले और समाज को जोड़ने का काम करता है। सेवा, सुरक्षा, संस्कार और समरसता के साथ संगठन साधु-संतों, पुजारियों तथा मठ-मंदिरों की रक्षा के लिए भी सदैव तत्पर रहता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से हित चिंतक अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
वहीं मुकेश नाहटा ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद की ओर से जिलेभर में हित चिंतक अभियान के तहत सदस्यता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने की अपील की।