शाजापुर। जिले के गुलाना बस स्टैंड पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में विकास पिता संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुलाना पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें शाजापुर रेफर कर दिया। एंबुलेंस की जगह परिजनों को निजी वाहन से घायल को शाजापुर ले जाना पड़ा। इस दौरान परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
स्थानीय लोगों के अनुसार गुलाना बस स्टैंड क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन और संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों की ओर से कोई ठोस कदम उठाए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।
लोगों का आरोप है कि एमपीआरडीसी और डीपी जैन द्वारा निर्मित सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। सड़क की नियमित मरम्मत और रखरखाव नहीं होने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। इसके चलते दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है।
बार-बार हो रहे हादसों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।