नीमच। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। खाना खाने के बाद पैदल अपने काम से जा रहे व्यक्ति को पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल नीमच पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान चांदमल पिता कारुलाल मीणा (45 वर्ष), निवासी अरनिया कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार चांदमल खाना खाने के बाद अरनिया से पैदल तेलनखेड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद घायल चांदमल को तत्काल जिला अस्पताल नीमच ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।