मनासा। ‘मेरे रघुवर इक तू ही सहारा है’ जैसे भक्तिमय भजनों के माध्यम से प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट विश्वास और समर्पण व्यक्त करते हुए सनातन परिवारों ने 114वां श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न किया। शिव वाटिका, राम नगर में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा के पाठ से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के विद्वान, रामराष्ट्र आराधक एवं साहित्याचार्य संत श्री चेतनराम जी (उदयपुर) की पावन प्रेरणा से नगर में प्रत्येक मंगलवार को यह धार्मिक प्रकल्प निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को 114वां श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिव वाटिका, राम नगर के रहवासी राजेंद्र कुमार परमार, गोपाल जोशी, लक्ष्मीनारायण वेद, रमेश वेद, मुकेश गुप्ता, हरीश गुप्ता, दिनेश मालवीय, गजराज सिंह सोनगरा, हरिशंकर लक्ष्यकार, श्याम वेद, समरथ पाटीदार, देवेंद्र ज्योतिष्रा और राकेश गहलोत सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीहनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
भजनों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, भक्त झूमकर गाए भजन
सत्संग के दौरान भजन प्रवाह में राजकुमार मारू ने हरि भक्ति की प्रार्थना करते हुए ‘मुझको लादो भजनवाली माला’ भजन प्रस्तुत किया। ओम सोनी ने भगवान श्रीराम के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए ‘मेरे रघुवर इक तू ही सहारा है’ भजन सुनाया। गोपाल हिन्दुस्तानी ने ‘राम भजलो रे सियाराम’ भजन की प्रस्तुति दी।
वहीं, कमल विजयवर्गीय ने देशभर में लोकप्रिय भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस भजन पर भक्त झूमकर नृत्य करने लगे। समरथ खाटवा ने ‘कीर्तन की है रात बाबा आज थाने आणो है’ भजन सुनाकर खूब सराहना प्राप्त की। अरुण झंवर ने भगवान भोलेनाथ को समर्पित भजन की प्रस्तुति देकर वातावरण को शिवमय बना दिया।
अंत में ‘अब सौंप दिया इस जीवन का सब भार तुम्हारे हाथों में’ भजन के माध्यम से अपने जीवन की डोर प्रभु के चरणों में समर्पित करने की प्रार्थना के साथ सत्संग एवं श्रीहनुमान चालीसा पाठ का समापन हुआ।
115वें सत्संग के लिए किया आमंत्रित
समापन अवसर पर सनातन सत्संग मंडल ने सभी सनातन परिवारों एवं लाभार्थी परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी 115वें सत्संग एवं श्रीहनुमान चालीसा पाठ में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया। यह आयोजन मंगलवार, 1 दिसंबर को रात्रि 8 बजे पटेल कॉलोनी, भील गली में आयोजित होगा। मंडल ने सभी सनातन परिवारों से सपरिवार पहुंचकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया।