भगवानपुरा। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रव्यापी ‘हितचिंतक अभियान’ के अंतर्गत भगवानपुरा प्रखंड में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया गया। संगठन मंत्री वासुदेव पंड्या एवं जिला मंत्री सौरभ धामंडे के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान के तहत कार्यकर्ताओं की अलग-अलग टोलियों ने नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान वे दुकान-दुकान पहुंचे और व्यापारियों सहित आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। कार्यकर्ताओं ने समाज के विभिन्न वर्गों को विश्व हिंदू परिषद की रीति-नीति, सेवा कार्यों और राष्ट्रहित से जुड़े उद्देश्यों की जानकारी दी। साथ ही लोगों को संगठन के ‘हितचिंतक’ के रूप में जोड़ने का अभियान चलाया।
विहिप बजरंग दल के प्रखंड मंत्री नरेंद्र महाजन ने बताया कि 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र एवं धर्म सेवा के कार्यों से जोड़ना है। उन्होंने अभियान के दौरान नगर के व्यापारियों और नागरिकों से मिल रहे समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही सभी मतावलंबियों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान मुख्य बाजार क्षेत्र में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष शिवदास पाटील, प्रखंड उपाध्यक्ष वीरेंद्र दवाने एवं कमलेश गुप्ता, प्रखंड संयोजक सूर्यप्रताप सिंह ठाकुर, प्रखंड सुरक्षा प्रमुख योगेश छोड़के, गणेश राठौड़, पीयूष मालवीया और करण खोड़े सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।