चित्तौड़गढ़। रावतभाटा थाना पुलिस ने हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपनी सास की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने के आरोपी भोजराज भील को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस टीम ने 24 नवंबर को दीपपुरा घाटा के जंगलों से डिटेन कर गिरफ्तार किया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि 17 नवंबर को प्रार्थी छोटूलाल भील निवासी चन्द्रपुरिया, थाना रावतभाटा ने पुलिस को रिपोर्ट दी थी कि उसकी बेटी का पूर्व पति भोजराज पिता मोहनलाल भील, निवासी भील बस्ती झालरबावड़ी, रावतभाटा ने उसकी पत्नी मांगीबाई के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा गोपालसिंह कानावत के निर्देशन, पुलिस उप अधीक्षक रावतभाटा शंकरलाल मीणा के सुपरविजन तथा थाना प्रभारी संजीव स्वामी के नेतृत्व में आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह लगातार फरार रहा।
इसके बाद 24 नवंबर को तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी भोजराज भील को दीपपुरा घाटा के जंगलों से डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल-
कार्रवाई करने वाली रावतभाटा थाना पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल हनुमान तथा कांस्टेबल दानवीरसिंह, बीपी सिंह और जगदीप शामिल रहे।