नीमच। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार सुबह से ही शिवघाट सहित शहर के विभिन्न जलाशयों पर धार्मिक गतिविधियों का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाओं ने स्नान-ध्यान के बाद भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ दीपदान किया। सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य, तो युवतियों ने योग्य वर की प्राप्ति की कामना करते हुए दीप प्रज्ज्वलित किए।
शाम होते ही शिवघाट पर दीपदान का विशेष नजारा देखने को मिला। महिलाओं ने पारंपरिक रूप से टाटिया सजाकर उनमें दीपक जलाए। देखते ही देखते घाट पर सैकड़ों और हजारों दीपों की कतारें सज गईं। दीपों की सुनहरी रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा। इस दौरान वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम नजर आया।
श्रद्धालुओं का मानना है कि कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान, दान और दीपदान का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। श्रद्धालु रश्मि गोयल ने बताया कि दीपदान महज धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि अपने भीतर के अज्ञान रूपी अंधकार को मिटाकर ज्ञान और प्रकाश फैलाने का प्रतीक है। यही वजह है कि पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा को महिलाएं आज भी पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ निभा रही हैं।
आयोजन के दौरान शिवघाट समिति की ओर से घाट पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और प्रसाद की व्यवस्था की गई। समिति पदाधिकारी सत्यनारायण अग्रवाल और गोपाल अग्रवाल ने बताया कि हर वर्ष हजारों श्रद्धालु दीपदान के लिए शिवघाट पहुंचते हैं। ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाती है।
घाट की व्यवस्थाओं को लेकर नगर पालिका पर उठाए सवाल-
धार्मिक आयोजन के बीच शिवघाट समिति ने नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े किए। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि आस्था के इतने बड़े केंद्र होने के बावजूद घाट की साफ-सफाई और विकास कार्यों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सीमित संसाधनों के चलते समिति के लिए घाट का समुचित विकास कर पाना संभव नहीं है। ऐसे में नगर पालिका से नियमित साफ-सफाई, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।