उज्जैन। तराना में आस्था, श्रद्धा और गुरु भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर भेरूबावड़ी स्थित सद्गुरु नाना महाराज तराणेकर गुरु मंदिर में तीन दिवसीय गुरु मंत्र दिवस एवं प्रकटोत्सव महोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
महाराष्ट्र के खामगांव से काका महाराज की पालकी लेकर पहुंचे भक्तों का भव्य स्वागत किया गया। वहीं नगर में निकली पालकी यात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने गुरु चरणों में शीश नवाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
22 नवंबर से शुरू हुए तीन दिवसीय महोत्सव में प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सद्गुरु नाना महाराज के अभिषेक-पूजन, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों से गुरु मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
महोत्सव के दौरान आयोजित संगीत सम्मान समारोह में इंदौर के प्रसिद्ध तबला वादक पंडित विलास खरगोणकर का सम्मान किया गया।
वहीं 24 नवंबर को प्रभाती भजनों के बाद सद्गुरु नाना महाराज की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। पालकी यात्रा गुरु मंदिर से प्रारंभ होकर बस स्टैंड स्थित दत्त मंदिर, मंगलनाथ मंदिर और तेजाजी चौक स्थित मालवा की द्वारका पहुंची। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पालकी का पूजन एवं आरती कर स्वागत किया।
इसके बाद पालकी पुनः गुरु मंदिर पहुंची, जहां भजन प्रस्तुति, महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
गुरु मंत्र दिवस के महत्व पर जानकारी देते हुए संजय तराणेकर ने बताया कि यह आयोजन पिछले 24 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। इसी पावन दिन सद्गुरु नाना महाराज को उनके गुरु से दीक्षा प्राप्त हुई थी। इसी ऐतिहासिक प्रसंग की स्मृति में प्रतिवर्ष गुरु मंत्र दिवस मनाया जाता है।
तीन दिनों तक चले इस भव्य आयोजन ने तराना को गुरु भक्ति के रंग में रंग दिया। महाराष्ट्र सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। भजन, पालकी यात्रा, आरती और विशाल भंडारे के साथ तीन दिवसीय गुरु मंत्र दिवस महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।