टीकमगढ़। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर टीकमगढ़ जिले के जतारा नगर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। नगर के प्राचीन मदन सागर तालाब स्थित आम घाट पर सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
बुंदेलखंड क्षेत्र में कार्तिक माह के प्रारंभ से ही महिलाएं पूरे महीने व्रत रखकर प्रतिदिन सुबह धार्मिक गीत गाते हुए नदियों और जलाशयों में स्नान करती हैं। स्थानीय बुंदेली भाषा में इन महिलाओं को कतकारियां कहा जाता है। एक महीने तक चलने वाली इस धार्मिक परंपरा का कार्तिक पूर्णिमा के दिन विधि-विधान के साथ समापन हुआ।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाई और सूर्यदेव को अर्घ्य देकर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की। मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और दान का विशेष महत्व होता है। इसी के चलते लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार ब्राह्मणों और जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, तिल, गुड़ और धन का दान किया।
वहीं, शाम को देव दीपावली के अवसर पर घाटों, मंदिरों, घरों के आंगन और तुलसी चौरे पर दीप प्रज्ज्वलित कर दीपदान किया गया। इससे पूरा वातावरण दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।
श्रीमती गुड्डी नामदेव ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने टोल और नगाड़ों की धुन पर पारंपरिक बुंदेली अंदाज में जमकर नृत्य किया और धार्मिक उत्सव को उल्लास के साथ मनाया।
फिलहाल, जतारा के आम घाट से सामने आई इन तस्वीरों में आप देख सकते हैं कि किस तरह महिलाएं पारंपरिक गीतों और नगाड़ों की धुन पर नृत्य करते हुए कार्तिक पूर्णिमा का उत्सव मना रही हैं।