BREAKING NEWS
KHABAR : संविधान के आदर्शों और लोकतंत्र के.. <<     NMH MANDI : एक क्लिक में पढ़े कृषि उपज मंडी नीमच के.. <<     KHABAR : ग्रामीण युवक-युवतियों के लिए 7 दिसंबर से.. <<     NEWS : अंबेडकर डीबीटी वाउचर योजना के लिए 30 नवंबर.. <<     NEWS : नशामुक्ति और संवैधानिक मूल्यों का संदेश.. <<     NEWS : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने किया.. <<     KHABAR : मृत तेंदुए का वन विभाग ने नियमानुसार किया.. <<     KHABAR : देवास में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम.. <<     KHABAR : सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच.. <<     BIG NEWS : स्विमिंग, रनिंग, शूटिंग और फेंसिंग..,.. <<     #खरगोन कपास मंडी में खौफनाक हादसा#प्याऊ पर.. <<     KHABAR : लोकार्पण के एक महीने बाद भी 66 गांवों के.. <<     #खेतों में #दिन-रात #मेहनत, #फिर भी #खाली #हाथ .. <<     महाकाल मंदिर में रील शूटिंग का ऐसा खेल... पहले.. <<     KHABAR : सिर्फ कानून से नहीं रुकेगा बाल विवाह, समाज.. <<     KHABAR : महेश्वर में 32वें निमाड़ उत्सव का रंगारंग.. <<     #पोलायकलां नगर परिषद की विशेष बैठक में.. <<    
वॉइस ऑफ़ एमपी न्यूज़ चैनल में विज्ञापन के लिए..
November 25, 2026, 1:52 pm
BIG NEWS : तीन बेटे होने के बावजूद मां की अर्थी को कंधा देने आगे आईं तीन बेटियां, अंतिम विदाई का दृश्य देख नम हुईं आंखें, 92 वर्षीय गट्टूबाई की जिंदगीभर की पीड़ा ने झकझोरा समाज का जमीर, बेटियों ने 10 वर्षों तक सेवा कर पेश की रिश्तों की मिसाल, पढ़े बद्रीलाल गुर्जर की खबर 

Share On:-

मनासा। जिस मां ने नौ महीने अपनी कोख में रखकर जन्म दिया, उंगली पकड़कर चलना सिखाया, अपनी खुशियों का त्याग कर बच्चों का भविष्य संवारा और पूरी जिंदगी उनकी परवरिश में लगा दी, उसी मां को जीवन के अंतिम पड़ाव में अपनों के सहारे की जरूरत थी। लेकिन आरोप है कि जब उम्र के इस पड़ाव पर उसे सबसे ज्यादा प्यार और देखभाल की आवश्यकता थी, तब उसके तीनों बेटों ने उसे घर से बाहर कर दिया। ऐसे कठिन समय में मां की तीन बेटियां उसका सहारा बनीं। करीब 10 वर्षों तक उन्होंने मां की सेवा की और जब अंतिम विदाई का वक्त आया तो तीनों बेटियों ने खुद मां की अर्थी को कंधा देकर अपना आखिरी फर्ज निभाया। यह दृश्य केवल एक परिवार की कहानी नहीं, बल्कि रिश्तों, संस्कारों और औलाद के कर्तव्य पर समाज को सोचने के लिए मजबूर करने वाला मार्मिक प्रसंग बन गया।

मंदसौर जिले के नारायणगढ़ निवासी गट्टूबाई पति बद्रीदास बैरागी की यह कहानी आज समाज के सामने कई सवाल खड़े कर रही है। जानकारी के अनुसार, पति के निधन के बाद उनके तीन बेटों विनोद बैरागी, दिनेश बैरागी सहित तीसरे बेटे पर आरोप है कि उन्होंने मां को घर से बाहर कर दिया। जिस उम्र में मां को अपने बच्चों के प्यार, सम्मान और सहारे की सबसे अधिक जरूरत थी, उस उम्र में उन्हें अपनों से दूर होना पड़ा।

मां की तकलीफ की जानकारी जब उनकी तीन बेटियों को मिली तो वे आगे आईं और मां को अपने साथ रखकर उनकी देखभाल की जिम्मेदारी संभाली। करीब 10 वर्षों तक बेटियों ने मां की दवाइयों, इलाज, खानपान और हर छोटी-बड़ी जरूरत का ध्यान रखा। उन्होंने मां की सेवा को अपना धर्म समझा और कभी उन्हें अकेलेपन का एहसास नहीं होने दिया।

सेवा का भरोसा देकर ले गए, फिर बेटी के पास छोड़ने का आरोप-
करीब एक वर्ष पहले छोटे बेटे विनोददास बैरागी ने गांव के कुछ वरिष्ठ लोगों को साथ लेकर नीमच जिले की मनासा तहसील के ग्राम आंतरी माताजी में रहने वाली अपनी बहन विद्या बाई के घर पहुंचकर मां को वापस ले जाने की इच्छा जताई। बताया जाता है कि इस दौरान उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भरोसा दिलाया कि अब वह मां की सेवा करेगा और उन्हें आगे कोई परेशानी नहीं होने देगा। बेटे के इस भरोसे पर गट्टूबाई उसके साथ चली गईं।

हालांकि, परिजनों के अनुसार आरोप है कि मां को अपने साथ ले जाने के बाद विनोददास बैरागी ने मकान अपने नाम करवा लिया और फिर उन्हें वापस नीमच जिले के जीरन गांव में रहने वाली बेटी मधुबाला के पास छोड़ गया। इसके बाद एक बार फिर बुजुर्ग मां को अपनी बेटी के सहारे ही रहना पड़ा।

तीन बेटे होने के बावजूद बेटियों ने दिया अर्थी को कंधा-
आखिरकार करीब 92 वर्ष की उम्र में गट्टूबाई ने अंतिम सांस ली। मां की जिंदगीभर सेवा करने वाली तीनों बेटियों ने अंतिम विदाई के समय भी अपने कर्तव्य से पीछे कदम नहीं खींचे। तीनों बेटियों ने खुद मां की अर्थी को कंधा दिया और अंतिम यात्रा में अपनी मां को विदाई दी। इस दौरान उनके भांजों ने भी अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई। गट्टूबाई का अंतिम संस्कार मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को शाम 4 बजे नीमच जिले की मनासा तहसील के ग्राम आंतरी माताजी स्थित मुक्तिधाम पर किया गया।

यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए बेहद भावुक कर देने वाला रहा। जिस मां के तीन बेटे थे, उसकी अंतिम यात्रा में बेटियों ने आगे बढ़कर अर्थी को कंधा दिया। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि संतान का फर्ज केवल बेटा या बेटी होने से नहीं, बल्कि अपने कर्मों और व्यवहार से पूरा होता है।

समाज के सामने बड़ा सवाल, आखिर कहां खो गए संस्कार?
जिस मां ने अपनी पूरी जिंदगी बच्चों के भविष्य के लिए समर्पित कर दी, क्या बुढ़ापे में उसे सहारा देना इतना बड़ा बोझ हो जाता है? क्या माता-पिता के प्रति संतान की जिम्मेदारी केवल संपत्ति और अधिकारों तक सीमित रह गई है? जिस मां ने बच्चों को चलना सिखाया, क्या उसी मां को जीवन के अंतिम पड़ाव में सहारे के लिए भटकना पड़ेगा?

यह घटना समाज के सामने एक गंभीर सवाल छोड़ गई है कि माता-पिता की सेवा और सम्मान का संस्कार आखिर कहां खोता जा रहा है? बेटा होना अपने आप में किसी कर्तव्य की गारंटी नहीं, क्योंकि असली संतान वही है जो मुश्किल वक्त में माता-पिता का हाथ थामे।

गट्टूबाई की तीन बेटियों ने करीब 10 वर्षों तक मां की सेवा कर और अंतिम विदाई में अर्थी को कंधा देकर यह संदेश दिया कि बेटियां कभी पराई नहीं होतीं। पराया तो वह व्यवहार होता है, जो अपने ही रिश्तों को बेगाना बना देता है।

वैष्णव समाज के जिला अध्यक्ष ने जताया दुख, बोले- माता-पिता की सेवा हर संतान का पहला धर्म
वैष्णव समाज के जिला अध्यक्ष ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए आत्ममंथन का विषय है। जिस मां ने अपनी पूरी जिंदगी बच्चों को पालने-पोसने और उनका भविष्य बनाने में लगा दी, उसी मां को बुढ़ापे में सहारे के लिए तरसना पड़े, इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण कुछ नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा कि तीनों बेटियों ने दस वर्षों तक मां की सेवा कर और अंतिम समय में उनकी अर्थी को कंधा देकर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं हैं। माता-पिता की सेवा करना हर संतान का पहला धर्म और नैतिक जिम्मेदारी है।

समाज अध्यक्ष ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में समाज को गंभीरता से विचार करना चाहिए। जिन लोगों पर माता-पिता की उपेक्षा के आरोप हैं, उनसे समाज को जवाब मांगना चाहिए कि आखिर ऐसे संस्कार कहां से आए? समाज को ऐसे व्यवहार की निंदा करनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर सामाजिक स्तर पर उचित कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी माता-पिता बुढ़ापे में इस तरह की पीड़ा झेलने को मजबूर न हो।

गट्टूबाई अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी अंतिम यात्रा समाज के सामने एक बड़ा सवाल छोड़ गई है। तीन बेटे होने के बावजूद मां की अर्थी को बेटियों ने कंधा दिया। आखिर संतान होने का असली फर्ज क्या हैकृयह कहानी हर उस व्यक्ति को सोचने पर मजबूर करती है, जिसके माता-पिता आज भी उसके सहारे की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
 

VOICE OF MP
एडिटर की चुनी हुई ख़बरें आपके लिए
SUBSCRIBE