पन्ना। जिले के उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज अंतर्गत मनकी बीट के वन कक्ष क्रमांक पी-390 में एक वयस्क बाघिन का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा कसकर फंसा हुआ मिला है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वन्यजीवों के शिकार के लिए अज्ञात व्यक्ति द्वारा लगाए गए फंदे में फंसने से दम घुटने के कारण बाघिन की मौत हुई है।
जानकारी के अनुसार, मनकी गांव के समीप जिस जंगल में बाघिन का शव मिला है, वह पन्ना टाइगर रिजर्व की कोर रेंज से लगा हुआ है। बाघिन के गले में फंदे से बने घाव की स्थिति को देखते हुए यह आशंका भी जताई जा रही है कि वह कई दिन पहले फंदे में फंस गई होगी। घायल अवस्था में भटकते हुए वह इस क्षेत्र तक पहुंची, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही उप वनमंडलाधिकारी कृष्णा मरावी, पन्ना रेंजर अजय वाजपेई सहित वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड की मदद से आसपास के जंगल में सर्चिंग कराई जा रही है। वन विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि फंदा किसने लगाया और इस घटना के पीछे कौन जिम्मेदार है